दैनिक समाचार प्रसारण – ४ नवंबर, २०२६
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ३१ अक्टूबर को कहा कि ईरान के साथ वार्ता आगे बढ़ रही है, लेकिन सवाल उठाया कि क्या ईरान किसी संभावित समझौते का पालन करेगा। उन्होंने ईरान पर समझौते करके फिर पीछे हटने का आरोप लगाया। फ़्लोरिडा [अमेरिका] स्थित अपने मार-ए-लागो आवास पर उन्होंने कहा कि वे अब भी समझौता चाहते हैं, इस बीच क़तर के मध्यस्थों की भागीदारी से कूटनीतिक प्रयास जारी हैं (Fox News)
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराक़ची ने ३१ अक्टूबर को कहा कि ईरान को फ़िलहाल अमेरिकी अधिकारियों से सीधे मिलने की ज़रूरत नहीं दिखती। उन्होंने कहा कि युद्ध समाप्त करने की ईरान की शर्तें स्पष्ट हैं और मध्यस्थ परामर्श जारी रखे हुए हैं (Fox News)
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ३१ अक्टूबर को कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य से ईरानी तेल के अलावा अन्य माल की ढुलाई युद्ध-पूर्व स्तर पर लौट आई है, ईरानी तेल पर अमेरिकी नाकाबंदी अब भी लागू है (Fox News)
कूटनीतिक विवाद के बाद यूक्रेन (यूरेन) दक्षिण कोरिया के साथ संबंध सामान्य करने को तैयार है, यूक्रेनी (यूरेनी) विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता हेओरही तिखी ने ३० अक्टूबर को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों देश नियमित संपर्क में हैं (The New Voice of Ukraine)
संयुक्त राष्ट्र ने सोमाली सरकार के अनुरोध पर २ वर्ष की संक्रमण प्रक्रिया के बाद ३१ अक्टूबर को सोमालिया में अपना राजनीतिक मिशन बंद कर दिया और उनकी ज़िम्मेदारियाँ सोमाली संस्थाओं तथा संयुक्त राष्ट्र की अन्य इकाइयों को सौंप दीं। मिशन ऐसे समय बंद हुआ है जब राजनीतिक मतभेद और सशस्त्र समूह अल-शबाब से लड़ाई जारी है, राजनीतिक विवादों में मध्यस्थता की उनकी भूमिका संभालने के लिए किसी विकल्प पर सहमति नहीं बनी है। संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सहायता और विकास एजेंसियाँ देश में बनी हुई हैं, लेकिन सहायता में कटौती से उनकी सेवाएँ बहुत सीमित हो गई हैं (Al Jazeera)
जीवनयापन की ऊँची लागत, सार्वजनिक सेवाओं में कटौती, विद्यालयों को अपर्याप्त धन मिलने और अनिवार्य सैन्य सेवा के विरोध में ३१ अक्टूबर को जर्मनी भर में हज़ारों लोग मुख्यतः शांतिपूर्ण प्रदर्शनों में शामिल हुए। उस शाम फ़्रैंकफ़र्ट, बर्लिन, कोलोन और हैम्बर्ग में हिंसा भड़क उठी, फ़्रैंकफ़र्ट में दुकानों को लूटा गया और पुलिस ने पटाखों, पत्थरों, बोतलों तथा पेट्रोल बमों से हमलों की सूचना दी। पुलिस ने अनेक लोगों को गिरफ़्तार किया और बर्लिन के अधिकारियों ने बताया कि २७ पुलिसकर्मी घायल हुए (BBC)
फ़्रांस के गृह मंत्रालय के अनुसार, जीवनयापन की बढ़ती लागत के ख़िलाफ़ ३१ अक्टूबर को देश भर में अनुमानतः ३ लाख २० हज़ार लोगों ने प्रदर्शन किया, जिनमें पेरिस के कम से कम ७० हज़ार लोग शामिल थे। कई शहरों में हिंसा भड़क उठी, कुछ दंगाइयों ने पुलिस पर वस्तुएँ और पेट्रोल बम फेंके, आगज़नी की और लियोन में अमेरिकी तथा इसराइली झंडे जलाए। अधिकारियों ने देश भर में ५६५ गिरफ़्तारियों की सूचना दी, पेरिस में ५ पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें से ३ पेट्रोल बमों से घायल हुए (New York Post, Le Monde)
ब्रिटेन ने २९ अक्टूबर को१८ वर्ष से कम आयु वालों को बिक्री पर लगी रोक का दायरा बढ़ाकर निकोटीन-रहित वेप और पाउच जैसे निकोटीन उत्पादों को भी शामिल कर लिया, निकोटीन वाले वेप पर पहले से प्रतिबंध लागू हैं (Gov.uk)
ब्रिटिश अख़बार डेली मेल के विश्लेषण में पाया गया कि इंग्लैंड [ब्रिटेन] में टाईप 1 [प्रमुख आपातकालीन विभाग] और टाईप 2 [एकल-विशेषज्ञता वाले आपातकालीन विभाग] में आने वाले लगभग हर १० में से १ मरीज़ को अक्टूबर २०२५ से सितंबर २०२६ के बीच १२ घंटे से अधिक इंतज़ार करना पड़ा। ये निष्कर्ष ब्रिटेन के रॉयल कॉलेज ऑफ़ इमरजेंसी मेडिसिन की चेतावनी के बाद आए हैं, उनके अनुसार, आपातकालीन विभागों में लंबे इंतज़ार से जुड़ी अनुमानित अतिरिक्त मौतें १ दशक में लगभग ८५०% बढ़कर २०२५ में १५,८६० तक पहुँच गईं (Daily Mail)
समाचार संस्था रॉयटर्स ने मेक्सिको में ८० लाख से अधिक जन्म-अभिलेखों का विश्लेषण किया। इसमें पाया गया कि गर्भावस्था के अंतिम ४ सप्ताह में प्रचंड और सामान्य लू चलने का संबंध समयपूर्व जन्म दर में ६.५% वृद्धि से था। सबसे अधिक गर्मी झेलने पर यह वृद्धि १८% तक पहुँची। अलग से, लगभग २०० अध्ययनों की समीक्षा में पाया गया कि स्थानीय औसत तापमान में हर १ डिग्री सेल्सियस वृद्धि का संबंध समयपूर्व जन्म की संभावना ४% अधिक होने से था, जबकि लू के बाद वाले सप्ताह में यह संभावना २६% बढ़ी। बढ़ते तापमान से मृत शिशु के जन्म का जोखिम भी बढ़ा (Reuters)
एक अध्ययन में पाया गया कि रोज़ मूँगफली खाने से प्रतिभागियों के रक्त में वसा की संरचना बदली और एक विशिष्ट रासायनिक स्वरूप बना। २७ हज़ार से अधिक लोगों के दीर्घकालिक आँकड़ों के विश्लेषण में इस स्वरूप का संबंध टाइप 2 मधुमेह के कम जोखिम से पाया गया, इससे संकेत मिलता है कि मूँगफली से मिलने वाली आहार-वसा का संबंध मधुमेह के घटे जोखिम से हो सकता है (SciTech Daily, The American Journal of Clinical Nutrition)
दक्षिणी इंग्लैंड [ब्रिटेन] के आर्डिंग्ली जलाशय में गर्मियों की रिकॉर्डतोड़ गर्मी के बाद उनकी क्षमता का केवल १९% पानी रह गया है, जिससे ९५ हज़ार संपत्तियों की जलापूर्ति ख़तरे में है। सूखा जारी है और अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सर्दियों में औसत से अधिक वर्षा की ज़रूरत है (The Guardian)
३० से ३१ अक्टूबर को डाक लाक [औलक (वियतनाम)] में भारी वर्षा से अचानक बाढ़ आई और सड़कें धँस गईं, सुओई काई पुल के पास सड़क का १५मीटर लंबा हिस्सा बह गया। अधिकारियों ने उनकी शीघ्र मरम्मत कर दी, बाढ़ से खेत भी प्रभावित हुए, लेकिन कोई बड़ा नुक़सान नहीं हुआ (Tuổi Trẻ)
३० अक्टूबर को पाबना [बांग्लादेश] में एक अस्थायी आश्रय पर बिजली गिरने से वयस्कों और बच्चों सहित ६ लोगों की मृत्यु हो गई तथा तूफ़ान से बचने के लिए शरण लिए हुए ३ अन्य घायल हो गए। बचावकर्मी जीवित बचे लोगों को तुरंत अस्पताल ले गए और पुलिस ने घटना की पुष्टि की (The New Nation)
यूक्रेन (यूरेन) में रूस का युद्ध काला सागर के पारिस्थितिकी तंत्र को गंभीर क्षति पहुँचा रहा है। यूक्रेनी (यूरेनी) शोधकर्ता डॉ. इवान रुसेव का अनुमान है कि २०२२ के पूर्ण पैमाने के आक्रमण के बाद से १ लाख २० हज़ार से अधिक डॉल्फ़िन-जन और पोर्पॉइज़-जन की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने इन मौतों का संबंध विस्फोटों और सैन्य सोनार से बताया, जो उनकी दिशा पहचानने तथा भोजन खोजने की क्षमता बाधित करते हैं। क्षतिग्रस्त जहाज़ों से प्रदूषण और यूक्रेन (यूरेन) में काखोव्का बाँध का विनाश भी इसके कारण हैं। श्री रुसेव ने अनुमान लगाया कि उनकी आबादी को फिर पहले के स्तर पर आने में ३० से ५० वर्ष लग सकते हैं (Al Jazeera)
आर्मेनिया के येरेवन में ३१ अक्टूबर को संपन्न संयुक्त राष्ट्र जैव विविधता शिखर सम्मेलन COP17 में लगभग २०० देशों ने समझौते किए, इनका उद्देश्य २०३० तक प्रकृति के क्षरण को रोकने और उनकी भरपाई के प्रयासों को फिर गति देना है, जिसमें पृथ्वी की ३०% भूमि तथा महासागरों की रक्षा करना शामिल है। हालाँकि, प्रतिनिधियों और संरक्षण समूहों ने प्रकृति को नुक़सान पहुँचाने वाली सब्सिडी घटाने तथा संरक्षण के लिए धन जुटाने में सीमित प्रगति की आलोचना की। इक्वाडोर को २०२८ में अगले शिखर सम्मेलन की मेज़बानी के लिए चुना गया (Channel News Asia)
पशु-जन के अधिकारों के संगठन PETA [पशुओं के नैतिक व्यवहार के पक्षधर लोग] ऑस्ट्रेलिया ने नवंबर में वनस्पति ऊन माह शुरू किया। इसका उद्देश्य भेड़-जन के ऊन के विकल्पों को बढ़ावा देना है, जिनमें कपास, भांग, सन, बाँस, सोया और बिच्छू-बूटी, फूलों, संतरों तथा अनानास से बनने वाली नई सामग्रियाँ शामिल हैं (PETA Australia)
१ नवंबर को विश्व वीगन दिवस के अवसर पर भारतीय खाद्य वेबसाइट Slurrp ने पोषक यीस्ट की विशेषताएँ बताईं। यह निष्क्रिय किया गया खमीर है, जिसका नमकीन, चीज़ जैसा स्वाद वीगन सॉस, करी और नाश्तों का स्वाद बढ़ाता है। अतिरिक्त पोषक तत्वों से समृद्ध की गई इसकी कुछ किस्में विटामिन B12 भी प्रदान करती हैं (Slurrp)
यात्रा कंपनी इंडियन ईगल ने १ नवंबर को विश्व वीगन दिवस से पहले अमेरिका के वीगन रेस्तराँ की जानकारी दीम इसमें उच्चस्तरीय भोजन से लेकर सस्ते, मनपसंद घरेलू शैली के खाने तक विविध विकल्प प्रस्तुत किए गए। इसके चयन में शामिल हैं: १. Crossroads Kitchen - लॉस एंजेलिस, कैलिफ़ोर्निया २. Vedge – फ़िलाडेल्फ़िया, पेंसिल्वेनिया ३. Plant - ऐशविल, नॉर्थ कैरोलाइना ४. Norah - पोर्टलैंड, ओरेगन ५. Native Foods – कई स्थानों पर ६. The Veggie - मैडिसन, अलबामा (Indian Eagle)
अपनी माँ की अचानक मृत्यु के बाद ब्रिटिश पत्रकार एंजेला जुफ़्रीडा को क्रोएशिया, ग्रीस और तुर्किये के समुद्रों में लंबी दूरी की तैराकी से भावनात्मक रूप से सँभलने में मदद मिली। समुद्र में उतरने, लयबद्ध शारीरिक गति और मित्रताओं ने उनका शोक, चिंता तथा अनिद्रा कम करने में मदद की (The Guardian)
फ़्रैंकलिन, टेनेसी [अमेरिका] के सेंटेनियल हाई स्कूल के सेवा क्लब सेंटेनियल गर्ल्स कोटिलियन और रेज़ द रूफ़ हाई स्कूल के इंटरैक्ट क्लब [युगांडा] को २ नवंबर को नैशविल, टेनेसी [अमेरिका] में २०२६ का बाल हितैषी पुरस्कार मिला, अमेरिका और युगांडा में कार्यरत रेज़ द रूफ़ अकादमी ने दोनों को यह पुरस्कार दिया। यह सम्मान युगांडा के बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और सामुदायिक विकास में उनके योगदान के लिए दिया गया (Williamson Herald)
यूक्रेनी (यूरेनी) स्वयंसेविका क्सेनिया क्रामातोर्स्क [यूक्रेन (यूरेन)] के अग्रिम मोर्चे वाले इलाक़ों से परित्यक्त पशु-जन को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालती हैं। अपने नेतृत्व वाले गैर-सरकारी संगठन World of Friends के माध्यम से क्सेनिया कुत्ता-जन और बिल्ली-जन को सुरक्षित निकालने में मदद करती हैं, बचाए गए ५० पशु-जन को एक साथ आश्रय देती हैं तथा विस्थापित परिवारों और उनके पशु साथियों की सहायता करती हैं (The Animal Rescue Site)
आज का विचारणीय कथन: “सृष्टिकर्ता को पुकारें कि वे अपनी सृष्टि की अच्छाई याद रखने में आपकी सहायता करें।” - रेनी काइलेस्टेवा बेगे, आदिवासी समुदाय की नेता, लेखिका और ईसाई सेवा कार्यकर्ता, ज़ूनी पुएब्लो आदिवासी समुदाय की सदस्य (Continuing the Tradition of Creator’s Goodness)
हर्था लुंड के मृत्यु-समीप अनुभव पर आधारित इस ३-भाग की शृंखला के भाग १ में यह अमेरिकी वकील और घोड़ों के साथ गेस्टाल्ट पद्धति से मार्गदर्शन देने वाली प्रशिक्षक अपने बचपन के आघात, वर्षों से चले आ रहे दर्द और पेरिकार्डाइटिस के कारण अस्पताल में भर्ती होने का वर्णन करती हैं। हर्था का जन्म ग्रामीण मोंटाना के एक पशुपालन फ़ार्म में हुआ था, जहाँ उन्होंने ४ या ५ वर्ष की आयु में घोड़ा-जन की सवारी शुरू की। वे कहती हैं कि उनकी माँ अपने ही अनसुलझे आघात से जूझने के लिए शराब का सहारा लेती थीं और कभी-कभी उनके प्रति शारीरिक रूप से हिंसक हो जाती थीं। हर्था ने ५ वर्ष की आयु में यौन शोषण भी झेला। वे अपने जटिल अभिघातोत्तर तनाव विकार, यानी PTSD, का कारण बचपन के इन अनुभवों को मानती हैं। भावनात्मक रूप से अपनी रक्षा करने के लिए वे कठोर बन गईं और उन्होंने ठान लिया कि फिर कभी किसी को ख़ुद को चोट नहीं पहुँचाने देंगी।
उन्होंने सफल होने में अपनी ऊर्जा लगा दी, पहले पत्रकार बनीं और बाद में अपनी स्वतंत्र वकालत शुरू की, लेकिन अपनी भावनात्मक पीड़ा का सामना करने के लिए कभी रुकी नहीं। ३० वर्ष की आयु पार करने के बाद शुरुआती वर्षों में, वकालत की पात्रता परीक्षा देते समय उन्हें दीर्घकालिक दर्द शुरू हुआ। वे गंभीर एंडोमेट्रियोसिस और समय के साथ फ़ाइब्रोमायल्जिया, कमर के निचले हिस्से में दर्द तथा माइग्रेन होने का वर्णन करती हैं। दर्द के बावजूद वे ख़ुद पर काम करते रहने का दबाव डालती रहीं। इसकी एक वजह यह डर था कि परिवार का पशुपालन फ़ार्म खो जाने के बाद वे अपने बिल नहीं चुका पाएँगी। लगभग २०१५ में हर्था को हृदय के आसपास दर्द होने लगा, जो १ वर्ष के दौरान बढ़ता गया। आख़िरकार दर्द इतना बढ़ गया कि उन्होंने एम्बुलेंस बुला ली। जाँच में उन्हें पेरिकार्डाइटिस होने का पता चला, जिसमें हृदय के चारों ओर की थैली में सूजन होती है। वे कहती हैं कि डॉक्टरों को न इसका कारण पता था, न ही यह कि इसका इलाज कैसे किया जाए। शुरू में उन्हें घर भेज दिया गया, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती रही और उन्हें बार-बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। अस्पताल में भर्ती होने के ऐसे ही एक अवसर पर उन्होंने लगभग ६ दिन और ५ रातें उन मरीज़ों के बीच बिताईं, जिनके हृदय की सर्जरी हुई थी। रात में वे गलियारे के उस पार मरीज़ों की हालत अचानक गंभीर होते देखती थीं और कुछ मरीज़ों की मृत्यु हो जाती थी।
ईश्वर से बात करना हर्था के लिए कोई नई बात नहीं थी। बचपन में घर की कठिन परिस्थितियों से राहत पाने के लिए वे बाहर अपने घोड़ा-जन साथियों के साथ समय बिताती थीं। वहीं उन्होंने ईश्वर से बात करना शुरू किया। दरअसल, मुझे लगता था कि घोड़ों के साथ होना और ईश्वर से बात करना एक ही बात है। इसलिए मैंने आध्यात्मिक मार्ग के बारे में बाहर से नहीं सीखा, यह मेरे भीतर से आया। अन्य मरीज़ों को मरते देखकर हर्था ने सोचा कि उनकी भी मृत्यु हो सकती है। अस्पताल के बिस्तर पर उन्होंने ईश्वर से इस संभावना के बारे में बात की और उन्हें लगा कि उत्तर हाँ में था। उन्होंने ईश्वर से कहा कि उन्हें यहाँ रहना पसंद नहीं है और उनका जीवन कितना कठिन रहा है, यह बताने के लिए उन्होंने कठोर भाषा का इस्तेमाल किया। और फिर मुझे बुरा लगा, क्योंकि मैं ईश्वर से बात कर रही हूँ और मेरी भाषा फ़ार्म की किसी गाली-गलौज करने वाली लड़की जैसी है। मैं उसी तरह बात करती रही और मैंने कहा, “यहाँ जीवन बहुत कठिन रहा है। आपने निश्चय ही मुझे ग़लत जगह भेज दिया है”। मेरा मतलब है, मैं हमेशा ईश्वर के पास अपने धाम लौटना चाहती थी।
मुझे लगा जैसे मैं ४ वर्ष की नन्ही बच्ची हूँ, जो अपने स्वर्गीय माता-पिता की गोद की ओर दौड़ रही है - मुक्त, आनंदित और पूरी तरह योग्य। इस ३-भाग की शृंखला के भाग २ के लिए कल हमारे साथ जुड़ें, हर्था बताएँगी कि कैसे वे श्वेत और स्वर्णिम प्रकाश की एक विशाल नलिका से एकाकार हो गईं और उन्हें एहसास हुआ कि पृथ्वी पर उनके रहने का अब भी एक कारण था। वे अपने शरीर में लौटने से पहले ईश्वर से किए वादे और स्वस्थ होने की अपनी यात्रा के शुरुआती क़दमों के बारे में भी बताएँगी। (She Owns Success TV यूट्यूब चैनल - धन्यवाद)