दैनिक समाचार प्रसारण – २९ अक्टूबर २०२६
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि ईरान कूटनीति के लिए अब भी तैयार है और मध्यस्थों के माध्यम से अमेरिका के साथ संदेशों का आदान-प्रदान जारी रखे हुए है (Associated Press)
सऊदी अरब के सैन्य गठबंधन ने कहा कि उन्होंने २५ अक्टूबर को यमन के ईरान-समर्थित हूती समूह द्वारा रियाद [सऊदी अरब] और दक्षिणी सऊदी अरब की ओर दागी गई मिसाइलों और ड्रोनों को बीच में ही रोक दिया (CNBC)
स्थानीय अधिकारियों ने २४ से २५अक्टूबर को बताया कि यूक्रेन (यूरेन) में विभिन्न स्थानों पर रूसी हमलों में ८ लोगों की मौत हुई और ५१ घायल हुए। इनमें विन्नित्सिया की एक ५-मंज़िला आवासीय इमारत पर रात में हुआ ड्रोन हमला भी शामिल था, जिसमें ६ लोग घायल हुए और ४ अपार्टमेंट नष्ट हो गए (The Kyiv Independent)
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन ने २४ अक्टूबर को चीन के सीमावर्ती शहर दानदोंग का दौरा किया, वह दोनों देशों के बीच नए खुले पुल से सीमा पार करके गए और चीन के शीर्ष राजनीतिक सलाहकार वांग हुनिंग से मिले। श्री किम जोंग-उन ने इस संक्षिप्त यात्रा के दौरान चीन के समर्थन के लिए आभार जताया और घनिष्ठसंबंधों तथा व्यावहारिक सहयोग का आह्वान किया (The Korea Times)
डोमिनिकन गणराज्य के ३ पुरुषों ने रूस से बचाए जाने की अपील की है, सोशल मीडिया पर एक वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें नौकरी के झूठे वादों से लुभाकर यूक्रेन (यूरेन) युद्ध के अग्रिम मोर्चे पर भेज दिया गया। उन्होंने डोमिनिकन गणराज्य के राष्ट्रपति लुइस अबिनादेर से उन्हें स्वदेश लाने की अपील की, जैसा पेरू, पनामा और भारत अपने नागरिकों के लिए कर चुके हैं (New York Post)
इंडोनेशिया द्वारा अपनी बिजली की ज़रूरतें पूरी करने के लिए सिंगापुर को प्राकृतिक गैस का निर्यात घटाना शुरू करने के बाद, सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने सभी पक्षों से गैस आपूर्ति अनुबंधों का पालन करने का आग्रह किया (Channel News Asia)
२३ अक्टूबर को सरकारी अधिकारियों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों और कंपनियों ने इस्तांबुल [तुर्किये] में हरित निवेश जुटाने पर चर्चा की, यह बैठक ९ से ३० नवंबर तक होने वाले ३१वें संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन, कॉप३१, से पहले हुई। चर्चा में स्वच्छ ऊर्जा, दीर्घकालिक उद्योग, बुनियादी ढाँचे और चक्रीय अर्थव्यवस्था में निवेश की नीतियाँ और अवसर शामिल थे (Anadolu Agency)
२४ अक्टूबर को रोम, मिलान, तूरिन और इटली के अन्य शहरों में हज़ारों लोगों ने जीवनयापन की ऊँची लागत, ग़ज़ा में युद्ध और सरकार के विरोध में मार्च निकाला। रोम में प्रदर्शनकारी कुछ समय के लिए शहर के प्राचीन रोमन रंगमंच कोलोसियम में घुस गए और पुलिस से उनकी झड़प हुई (New York Post)
वकीलों ने २४ अक्टूबर को बताया कि पादरियों के यौन शोषण से बचे लोगों ने लगभग १,३०० लोगों के दावों के निपटारे के लिए न्यूयॉर्क [अमेरिका] के कैथोलिक महाधर्मप्रांत के साथ ८० करोड़ अमेरिकी डॉलर के समझौते को मंज़ूरी दी है (Reuters)
मलेशिया के चिकित्सा विशेषज्ञों ने चेताया है कि धुंध फेफड़ों के साथ-साथ त्वचा और आँखों को भी नुकसान पहुँचा सकती है। PM2.5 [सूक्ष्म कणीय पदार्थ] से खुजली, रूखापन और लालिमा हो सकती है, पहले से मौजूद त्वचा संबंधी समस्याएँ बढ़ सकती हैं और आँखों में जलन हो सकती है। विशेषज्ञ बाहर कम समय बिताने, वायु गुणवत्ता पर नज़र रखने और घर के भीतर वायु निस्पंदन का उपयोग करने की सलाह देते हैं। बाहर जाना अपरिहार्य हो और वायु प्रदूषण सूचकांक [API] १०० से अधिक हो, तो चेहरे पर अच्छी तरह बैठने वाला N95 श्वसन रक्षक मास्क पहनें (Malay Mail)
निकोसिया [साइप्रस] में लीजियोनेयर्स रोग से पीड़ित एक नवजात की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। संक्रमण के स्रोत का पता लगाने के लिए जाँच जारी है। २३ अक्टूबर तक इससे जुड़े किसी अन्य मामले की पुष्टि नहीं हुई थी (The National Herald, Cyprus Mail, Politis)
सोते समय मोज़े पहनने से पैर गर्म रह सकते हैं, जिससे शरीर को अपना तापमान नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है और नींद जल्दी आ सकती है। मॉइस्चराइज़र लगाने के बाद मोज़े पहनने से रूखी और फटी एड़ियों को भी राहत मिल सकती है। विशेषज्ञ हवा पार होने देने वाले और पसीना सोखने वाले कपड़े के साफ़, सूखे, आरामदायक और ढीले मोज़े पहनने की सलाह देते हैं, वे चेताते हैं कि तंग या नम मोज़े रक्तसंचार में बाधा डाल सकते हैं, त्वचा में जलन पैदा कर सकते हैं और संक्रमण का कारण बन सकते हैं। मधुमेह, तंत्रिका क्षति या रक्तसंचार संबंधी समस्याओं वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए (VnExpress)
२३ से २४ अक्टूबर को स्यूदाद हुआरेज़ [मेक्सिको] में गरज के साथ आए तेज़ तूफ़ानों से अचानक बाढ़ आ गई, कम से कम १० वाहन बह गए और घरों तथा एक अस्पताल के कुछ हिस्सों में पानी भर गया। अधिकारियों ने स्यूदाद हुआरेज़ और २ अन्य शहरों में १०७ घटनाएँ दर्ज कीं, शनिवार को किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली (The Watchers)
एक अध्ययन में पाया गया है कि दक्षिण-पश्चिमी बांग्लादेश के शहरों में बसने वाले जलवायु प्रवासियों को खराब जल निकासी, असुरक्षित आवास और अस्थिर रोज़गार जैसी नई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अध्ययन ने चेताया है कि अपर्याप्त सेवाएँ और सामाजिक उन्नति के सीमित अवसर विस्थापित परिवारों को असुरक्षित बनाए रखते हैं (UA.news)
चांपी तूफ़ान कमज़ोर होकर उष्णकटिबंध-बाह्य चक्रवात में बदल गया, लेकिन दक्षिण कोरिया में भारी बारिश जारी रही। २३ से २६ अक्टूबर के बीच जेजू के पर्वतीय क्षेत्रों में ४२० मिलीमीटर तक बारिश हुई, जबकि बुसान में लगभग १५० मिलीमीटर बारिश हुई (SBS News)
बर्लिन [जर्मनी] में रेवे के एक सुपरमार्केट की छत पर २,७६० वर्ग मीटर का खेत है, जिसे आसपास के लगभग ५०० स्टोरों के लिए सालाना मिश्रित सलाद के ९ लाख तक पैक तैयार करने के लिए बनाया गया है। सलाद के पत्ते मिट्टी के बजाय पोषक तत्त्वों से समृद्ध पानी में लगभग २३ दिनों में उगते हैं और वहीं उनकी कटाई तथा पैकिंग होती है। रेवे का अनुमान है कि में परियोजना से हर साल परिवहन ५ लाख किलोमीटर की बचत हो सकती है, भवन में संसाधनों का उपयोग घटाने के लिए सौर पैनल, एकत्रित वर्षाजल और प्रशीतन से प्राप्त अपशिष्ट ऊष्मा का इस्तेमाल होता है (EuroWeekly News)
Vegan Are Us फ़िलाडेल्फ़िया [अमेरिका] के चाइनाटाउन में सुकून देने वाले वीगन व्यंजन पेश करता है। इनमें वीगन चिकन और वॉफ़ल, रतालू से बने झींगा विकल्प वाले पो' बॉय सैंडविच और फ़िली वी स्टेक शामिल हैं। संस्थापक शरोंडा हैरिस-बंटन (वीगन) भोजन, पेय और मसालों के माध्यम से अधिक स्वास्थ्यकर खानपान को बढ़ावा देती हैं (6 ABC)
VegNews ने एक लेख में पतझड़ और सर्दियों के लिए स्वादिष्ट वीगन सूप की ४५ विधियाँ दी हैं। ये हैं पहली १०: १. वीगन अदरक चिकन नूडल सूप २. मलाईदार इतालवी न्योकी सूप ३. वीगन फूलगोभी चीज़ सूप ४. लहसुन की चार गाँठों का सूप ५. सफ़ेद बीन्स वाला कद्दू सूप ६. जंगली चावल और मशरूम सूप ७. भुने कबोचा कद्दू का सूप ८. वीगन इतालवी मीटबॉल वेडिंग सूप ९. तमारी में भुने बादामों वाला थाई गाजर सूप १०. काजू क्रीम वाला भुना टमाटर सूप (VegNews)
ओटली ने ८९ परसेंट प्रोजेक्ट को बढ़ावा देने के लिए अपने डिब्बों का डिज़ाइन बदला है, इस पर उस शोध को प्रमुखता दी गई है जिसके अनुसार दुनिया के ८९% लोग चाहते हैं कि सरकारें जलवायु के लिए अधिक मज़बूत कदम उठाएँ। स्वीडन की वीगन ओट-पेय कंपनी का उद्देश्य लोगों को अपनी आवाज़ उठाने और नीतिगत बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना है (adversestories)
कैनसस [अमेरिका] के एक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक टायलर रिचर्ड्स विद्यार्थियों में दयालुता, आत्मविश्वास और अपनेपन को बढ़ावा देने के लिए रोज़ उनसे सकारात्मक संकल्प दोहरवाते हैं। यह अभ्यास अन्य कक्षाओं तक भी फैल गया है और विद्यार्थियों तथा शिक्षकों को पूरे विद्यालय में सकारात्मकता बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रहा है (Good News Network)
कनाडा के पशु-नागरिक कल्याण संगठन Fly With Me Animal Rescue अक्टूबर में जॉर्जिया [अमेरिका] के भीड़भाड़ वाले आश्रयों से २८ कुत्ता-जन और ४० से अधिक बिल्ली-जन को बचाया। अधिकांश बिल्ली-जन को गोद लिया जा चुका है, जबकि कुत्ता-जन को नए घर दिलाने के प्रयास जारी हैं (CTV News)
२ अनाथ रैकून-जन को खोने के बाद पशु शल्य चिकित्सक डॉ. पॉल बुकबाइंडर और उनकी पत्नी सारा ने २०१८ में न्यूयॉर्क [अमेरिका] में वन्यजीव पुनर्वास केंद्र स्थापित किया, सारा लाइसेंस प्राप्त वन्यजीव पुनर्वास विशेषज्ञ हैं। तब से केंद्र ने ८०० से अधिक रैकून-जन को बचाया है और स्वतंत्र रूप से जीवित रह सकने वालों का पुनर्वास करके उन्हें प्रकृति में छोड़ा है (The Times of India)
आज का विचारणीय उद्धरण: “इन धरती-प्रदेशों के साथ शांति से कौन रहेगा? मानवता का भविष्य उन लोगों की प्रतीक्षा में है जो अपने जीवन को समझेंगे और सभी जीवों के प्रति अपनी ज़िम्मेदारियाँ निभाएँगे। पेड़ों, पशुओं और पक्षियों तथा धरती के स्थानों की आवाज़ें कौन सुनेगा?” - वाइन डेलोरिया जूनियर लेखक, धर्मशास्त्री और स्टैंडिंग रॉक सू आदिवासी समुदाय के सदस्य (Wikiquote)
काइल रस्ट के मृत्यु-समीप अनुभव पर इस ३-भाग की शृंखला के भाग १ में अमेरिकी शिक्षक बताते हैं कि ओपन-हार्ट सर्जरी के दौरान उन्होंने स्वयं को अपने दिवंगत दादा-दादी के बैठक कक्ष में पाया, वे उन २ लोगों से फिर मिले जिनकी उन्हें बहुत याद आती थी और एक शक्तिशाली प्रकाश से घिरे हुए थे। १५ मार्च २०२२ को काइल की ओपन-हार्ट सर्जरी हुई। इससे पहले भी अन्य सर्जरी के लिए उन्हें बेहोशी की दवा दी गई थी। हर बार सब कुछ अँधेरा हो जाता, वह सो जाते और फिर जाग जाते थे। काइल कहते हैं कि इस बार उनका अनुभव अलग था। सब कुछ अँधेरा हो गया और ऐसा लगा जैसे वह सो गए हों। लेकिन वह कहते हैं कि वह वास्तविक जीवन में नहीं जागे।
मैं एक आंतरिक दर्शन में जागा। मैं इसे आंतरिक दर्शन कहता हूँ और इसी तरह समझाता हूँ: उस आंतरिक दर्शन में मैं अपने दादा-दादी के पुराने बैठक कक्ष में उन दोनों के साथ बैठा था। सर्जरी से पहले उनके दादा-दादी दोनों का निधन हो चुका था और उनका घर कुछ वर्ष पहले बिक चुका था। काइल बताते हैं कि दादा-दादी से दोबारा मिलकर उन्हें कुछ अटपटापन भी महसूस हुआ और राहत भी मिली। वह उनके बेहद क़रीब थे। जब उन्हें पता चला कि उनकी सर्जरी होनी है, तो वह सबसे अधिक उन्हीं से बात करना चाहते थे, लेकिन वे अब जीवित नहीं थे।
वह वास्तविकता से भी अधिक वास्तविक था, अगर मेरी बात समझ में आती हो। वह मेरे जीवन में महसूस की गई, देखी गई और अनुभव की गई किसी भी चीज़ से अधिक वास्तविक था। मैंने जीवन में कभी इतनी शांति महसूस नहीं की थी। मैंने जीवन में कभी इतना सुकून महसूस नहीं किया था। कमरे में सब कुछ ठीक वैसा ही था जैसा उन्हें याद था: कालीन के फटे हिस्से, टीवी, दादा-दादी की कुर्सियाँ, उनके बीच की मेज़ और लैंप तथा पीछे फ़र्श से छत तक की खिड़कियाँ। काइल उसी पुरानी कुर्सी पर बैठे, जिस पर वह बचपन में वहाँ आने पर हमेशा बैठते थे।
उस दिव्य दृश्य में मैं हर बारीकी वास्तविक जीवन से भी बेहतर देख सकता था, अगर आप मेरी बात समझ सकें। दीवार पर लकड़ी की पट्टियाँ लगी थीं, […] उनमें रेशेदार बनावट थी, लेकिन मैं उन पट्टियों की हर छोटी दरार, हर चटकन, हर बारीकी देख सकता था। एक प्रबल प्रकाश कमरे में भर गया। वह घर के सामने की रंगीन काँच वाली खिड़की और पीछे की खिड़कियों से भीतर चमक रहा था। काइल बताते हैं कि वह चमकीला, सफ़ेद-पीला प्रकाश था, न कि अँधेरा या मद्धिम, और वह सुंदर था।
मेरे दादा-दादी ने मुझसे एक शब्द भी नहीं कहा, लेकिन उस पल, उस स्थिति में मुझे लगा कि जीवन में पहली बार, बहुत लंबे समय बाद, मैं निश्चिंत बैठकर बस शांति में रह सकता हूँ। काइल को विश्वास था कि वह अपने दादा-दादी के साथ स्वर्ग में थे। वहाँ उन्हें अपने सांसारिक जीवन से कोई लगाव महसूस नहीं हुआ और उन्हें लगा कि वह अपने सर्वश्रेष्ठ स्वरूप में हैं।
मैं उसी आंतरिक दर्शन में था। मैं वहाँ से जाना नहीं चाहता था। फिर मुझे खींचकर एक अलग आंतरिक दर्शन में ले जाया गया। इस ३-भाग की शृंखला के भाग २ के लिए कल हमारे साथ जुड़ें। काइल बताते हैं कि उन्हें दादा-दादी के बैठक कक्ष से खींचकर एक रेगिस्तानी पर्वत की चोटी पर ले जाया गया, जहाँ उनका मानना है कि वह ईश्वर के पास खड़े थे। वह इसके बाद स्वास्थ्यलाभ कक्ष में होश आने के कठिन अनुभव को भी साँझा करते हैं। (Kyle Rust YouTube channel - धन्यवाद)